
ब्यूरो रिपोर्ट

रुद्रपुर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है, जहां वार्ड नंबर-31 के पूर्व पार्षद, पार्षद पति और भाजपा नेता सचिन मुंजाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


बताया जा रहा है कि कोर्ट द्वारा उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया।

यह कार्रवाई ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस द्वारा न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।

मामला चेक बाउंस से जुड़ा है, जिसमें रमेश कुमार धींगड़ा और सचिन मुंजाल के बीच विवाद चल रहा था। इस केस में अदालत ने पहले ही फैसला सुना दिया था।
फोर्थ सीनियर सिविल जज कोर्ट ने वर्ष 2021 में आरोपी को दोषी ठहराते हुए छह महीने की सजा और 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था।

इसके खिलाफ सचिन मुंजाल ने ऊधमसिंह नगर की अदालत में अपील दायर की थी, लेकिन सुनवाई के दौरान वे कोर्ट में पेश नहीं हुए। लगातार अनुपस्थित रहने के चलते उनके खिलाफ NBW जारी कर दिया गया।

गिरफ्तारी के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि सचिन मुंजाल क्षेत्र की राजनीति में एक सक्रिय चेहरा माने जाते हैं। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई कोर्ट के अगले आदेश के बाद तय होगी।

