
स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद पौड़ी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ हुई। प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में प्रवेश उत्सव के तहत छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया और उन्हें निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।


इस वर्ष विशेष पहल करते हुए सत्र के पहले ही दिन विद्यार्थियों को नई किताबें उपलब्ध कराई गईं, जिससे पढ़ाई का क्रम बिना किसी विलंब के शुरू हो सके। इस पहल से छात्रों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।


जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ स्वाति एस. भदौरिया ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय संख्या पांच, पौड़ी में किया। इस दौरान उन्होंने नन्हें विद्यार्थियों को स्वयं पुस्तकें वितरित कीं और उनसे आत्मीय संवाद किया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और नए सत्र को लेकर अपनी खुशी जाहिर की।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि समय पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध होना शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को शुरुआत से ही पढ़ाई में निरंतरता मिलती है।

उन्होंने यह भी कहा कि इससे छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विद्यालयों में पुस्तक वितरण का कार्य शीघ्र और सुचारु रूप से पूर्ण किया जाए।


