
स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ ही विकासनगर क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था की एक बेहद सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। स्कूल खुलते ही छात्र-छात्राओं के हाथों में निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें नजर आईं, जिससे पढ़ाई का आगाज़ पहले ही दिन से बिना किसी इंतजार के शुरू हो गया।


प्रवेश उत्सव के तहत प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक के राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान स्कूलों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और नए सत्र को लेकर छात्रों में खासा उत्साह नजर आया।


इस बार शिक्षा विभाग ने विशेष पहल करते हुए पहले ही दिन सभी छात्रों को किताबें उपलब्ध कराईं। इसका उद्देश्य यह है कि छात्रों की पढ़ाई शुरुआत से ही सुचारु रूप से चल सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुन्ना सिंह चौहान और खंड शिक्षा अधिकारी विनिता कठैत ने आसाराम वैदिक इंटर कॉलेज से किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं और उनसे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय परिसर में कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी, वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे शिक्षा व्यवस्था के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।

विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि समय पर पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय में सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा, ताकि इसे एक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा सके। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी स्कूलों में पुस्तक वितरण का कार्य जल्द और सुचारु रूप से पूरा किया जाए।

