
स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट

काठगोदाम-लालकुआं-हल्द्वानी हाईवे पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज़ रफ्तार एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर मोतीनगर के समीप सड़क पर कई बार पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोगों के दिल दहल गए।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एम्बुलेंस की रफ्तार काफी तेज़ थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते एम्बुलेंस हवा में उछलती हुई सड़क के बीचों-बीच उलट गई और कई बार पलटने के बाद रुक पाई।


हादसे के तुरंत बाद राहगीर और आसपास के वाहन चालक मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई।


गनीमत यह रही कि दुर्घटना के समय एम्बुलेंस में कोई मरीज या तीमारदार मौजूद नहीं था। केवल चालक ही वाहन में सवार था, जिसे इस हादसे में मामूली चोटें आई हैं।
घायल चालक ने बताया कि वह एम्बुलेंस की मरम्मत कराकर उसे चेक करने के लिए हाईवे पर चला रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त एम्बुलेंस को सड़क किनारे हटवाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात को सुचारु किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही वाहन चालकों से हाईवे पर सावधानी बरतने की अपील की गई है।

