ट्रैक्टर से कार पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

ट्रैक्टर से कार पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

पुरानी रंजिश के चलते कार सवार युवक पर ट्रैक्टर से जानलेवा हमला करने के मामले में कालाढूंगी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।

मामला मंगलवार रात करीब 9 बजे का है, जब पीड़ित हिमांशु देऊपा निवासी लच्छमपुर, चकलुवा अपनी नई कार से पहाड़ी ढाबा, चकलुवा में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा निवासी प्रतापपुर वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते हमला कर दिया।

आरोप है कि प्रवीण सिंह देऊपा ने जान से मारने की नीयत से अपने ट्रैक्टर से हिमांशु की कार पर बार-बार टक्कर मारी। इस हमले में कार में सवार हिमांशु और उनके एक साथी को चोटें आईं।

घटना के बाद आरोपी मौके पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए ट्रैक्टर समेत फरार हो गया। इस घटना का वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया।

पीड़ित की तहरीर पर कालाढूंगी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 352, 351(2) और 324(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।

एसएसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल का निरीक्षण करने भेजा गया। वहीं सुमित पांडे के पर्यवेक्षण और अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश में दबिश दी गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर और आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।