
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

भुजियाघाट क्षेत्र में बने फन वॉटर पार्क को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। प्रशासन द्वारा पट्टा निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू किए जाने के बावजूद भी यहां अवैध निर्माण कार्य लगातार जारी है, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


जानकारी के अनुसार यह वॉटर पार्क जिस भूमि पर बनाया जा रहा है, वह लीज (पट्टा) पर दी गई है और नियमानुसार वहां किसी प्रकार का व्यावसायिक निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद मौके पर बड़े स्तर पर निर्माण कार्य जारी है और रिजॉर्ट तक तैयार किए जा रहे हैं।


एसडीएम नैनीताल के मुताबिक फन वॉटर पार्क के पट्टा निरस्तीकरण के आदेश जिलाधिकारी को भेजे जा चुके हैं। इसके बाद भी निर्माण कार्य पर रोक न लग पाना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों और खबरों के बावजूद भी पार्क संचालक पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। लोगों का कहना है कि बिना किसी डर के अवैध निर्माण जारी है और हाल ही में वॉटर पार्क को खोलने की भी तैयारी कर ली गई है।
यह भी सवाल उठ रहे हैं कि जब निर्माण कार्य पहले से चल रहा था, तब संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं थी या फिर उन्होंने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की।

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि कहीं न कहीं इस पूरे मामले में मिलीभगत की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कुछ लोग इसे राजनीतिक संरक्षण से जोड़कर भी देख रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन की ओर से कहा जा रहा है कि अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और संबंधित मामलों में रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेज दी गई है। अब देखने वाली बात होगी कि आगे इस मामले में क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

