हल्द्वानी में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी, 2 अप्रैल को भव्य आयोजन

हल्द्वानी में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां पूरी, 2 अप्रैल को भव्य आयोजन

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

रूपनगर स्थित श्री बालाजी मंदिर में 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। मंदिर समिति ने आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मंदिर समिति के व्यवस्थापक पूरन चंद्र पाठक ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 31 मार्च से ही हो जाएगी। इसके तहत विभिन्न धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल को नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा लक्ष्मी शिशु मंदिर, बरेली रोड, सिंधी चौराहा और कालाढूंगी चौराहा होते हुए मंदिर परिसर तक पहुंचेगी।

शोभायात्रा के दौरान विभिन्न आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। आयोजकों के अनुसार, शोभायात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे और पूरे शहर में धार्मिक माहौल देखने को मिलेगा।

2 अप्रैल को सुबह 9 बजे से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम 7 बजे मंदिर परिसर में दिव्य दरबार और 56 भोग का विशेष आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान को 101 किलो लड्डू का भोग अर्पित किया जाएगा।

कार्यक्रम में भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। मंदिर में हर मंगलवार और शनिवार को भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है और श्रद्धालु यहां अपनी आस्था के साथ पहुंचते हैं। समिति का कहना है कि इस बार का आयोजन पहले से अधिक भव्य और श्रद्धापूर्ण होगा।