
स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में गैस एजेंसी के एक डिलीवरी कर्मचारी के साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद गैस एजेंसी संचालकों और कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। कर्मचारियों ने श्यामपुर पुलिस चौकी पर प्रदर्शन कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, एस.एस. इंडेन गैस एजेंसी छिद्दरवाला का वाहन रोजाना की तरह गैस वितरण के लिए गढ़ी श्यामपुर गया था। वाहन में दो कर्मचारी, दिनेश और विनोद मौजूद थे। डिलीवरी के बाद लौटते समय वे रास्ते में अदरक खरीदने के लिए रुके थे, तभी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।


बताया जा रहा है कि इसी दौरान स्कूटी सवार संजू, निवासी गली नंबर 22, गढ़ी मयचक वहां पहुंचा और कथित रूप से शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगा। जब कर्मचारी विनोद ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने अपने हाथ में पहने लोहे के कड़े से उस पर हमला कर दिया।


हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया और वह लहूलुहान हो गया। घटना के दौरान जब दिनेश ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, तो संजू ने उसके कंधे पर लटका कैश बैग छीनने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विनोद को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका मेडिकल कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

गैस एजेंसी प्रबंधन ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि डिलीवरी स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो गैस आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


