
स्थान : काशीपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

जसपुर से कांग्रेस विधायक आदेश चौहान ने प्रदेश की धामी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के नाम पर सत्ता में आई थी, लेकिन दो बार के कार्यकाल में भी यह पूरी तरह असफल रही है। चौहान ने कहा कि “धामी जी का जहाज अब पानी में हिचकोले खा रहा है और इसे डूबने से कोई नहीं बचा सकता।”


विधायक आदेश चौहान आज प्रातः काशीपुर सीमा पर अपने क्षेत्र ग्राम मिस्सरवाला में एक सड़क का शिलान्यास करने पहुंचे। वहां ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर चौहान ने मीडिया से भी बातचीत की और प्रदेश की राजनीतिक और आर्थिक स्थिति पर गंभीर टिप्पणी की।


चौहान ने कहा कि प्रदेश की जनता रोजगार की कमी, बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार से परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और उसका ध्यान केवल सत्ता बचाने तक सीमित है।


विधायक ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज़ बनने के लिए पूरी तरह तैयार है और वह जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।

बीजेपी नेताओं के हालिया कांग्रेस में शामिल होने पर चौहान ने कहा कि कांग्रेस कभी न डूबने वाला सूरज है और इसका महत्व हर किसी के लिए है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और जनता से आह्वान किया कि वे मिलकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज़ उठाएं।

आदेश चौहान ने स्पष्ट किया कि 2027 में कांग्रेस हर जिले में जनता की शक्ति के साथ चुनाव लड़ेगी और भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने का पूरा प्रयास करेगी। उनका कहना है कि यह लड़ाई केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों और हक के लिए है।


