
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 मंजूनाथ टी०सी० के कुशल निर्देशन में ‘ऑपरेशन स्माइल’ और बाल सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस ने हल्द्वानी से लापता तीन नाबालिग छात्रों को केवल 3 घंटे के भीतर रामनगर से सकुशल बरामद कर लिया।


घटना का विवरण:
दिनांक 28.03.2026 को हल्द्वानी स्थित एक स्कूल के तीन नाबालिग छात्र स्कूल से अपने घर नहीं लौटे। परिजनों की खोजबीन के बाद पुलिस को सूचना दी गई। बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस कंट्रोल रूम ने जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, चेक पोस्ट और बैरियरों को हाई अलर्ट पर रखा। बच्चों के हुलिए की जानकारी सोशल मीडिया और वायरलेस के माध्यम से प्रसारित की गई।

डॉ0 जगदीश चंद्र एसपी नैनीताल एवं श्री मनोज कुमार कत्याल एसपी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में, और श्री अमित कुमार सीओ हल्द्वानी के नेतृत्व में हल्द्वानी पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। CCTV और मोबाइल सर्विलांस की मदद से तीनों बालकों को रामनगर पुलिस के समन्वय से रामनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद किया गया। बच्चों ने पूछताछ में बताया कि वे घर से नाराज होकर गए थे।
परिजनों को सूचना देते हुए बच्चों को सुरक्षित थाने पहुँचाया गया। परिजनों ने अपने बच्चों को पाकर पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आवश्यक काउंसलिंग और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चों को अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया।

एसएसपी नैनीताल का संदेश:
डॉ0 मंजूनाथ टी०सी० ने पुलिस टीम की सफलता की सराहना की और कहा कि बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें।

इस त्वरित और सफल अभियान ने बाल सुरक्षा के प्रति पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया है।

