
स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

रानीखेत की बेटी और ग्राम पाखुड़ा की निवासी प्रीति गोस्वामी ने गुवाहाटी, असम में आयोजित 2nd पैरा लॉन बाउल्स नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। सिंगल्स श्रेणी में उन्होंने सिल्वर मेडल और ट्रिप्स श्रेणी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह चैंपियनशिप 24 से 28 मार्च 2026 तक पैरा लॉन बाउल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा पैरालिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित की गई।


प्रीति गोस्वामी वर्तमान में नैनीताल हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। वे बहुमुखी दिव्यांग खेल प्रतिभा की धनी हैं और पैरा लॉन बाउल्स के अलावा पैरा तैराकी, मास्टर्स एथलेटिक्स और मोटरस्पोर्ट्स में भी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

इस उपलब्धि पर पैरा लॉन बाउल फेडरेशन के नेशनल प्रेसिडेंट मोहम्मद रजा और स्टेट सेक्रेटरी फिरोज खान ने कहा कि पैरा लॉन बाउल्स दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए उत्कृष्ट खेल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे खिलाड़ी भविष्य में एशियन और वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश का नाम रोशन करेंगे।

प्रीति गोस्वामी ने कहा, “2nd पैरा लॉन बाउल्स नेशनल चैंपियनशिप में सिल्वर और गोल्ड मेडल जीतकर मैं बेहद खुश और गर्व महसूस कर रही हूँ। यह सफलता मेरे कड़ी परिश्रम और समर्पण का फल है। मैं उत्तराखंड और देश के लिए और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हूँ। पैरा लॉन बाउल फेडरेशन के सभी अधिकारियों और कोचिंग स्टाफ का आभार, जिनके मार्गदर्शन से यह संभव हुआ।”
प्रीति सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल जी.जी. गोस्वामी की पुत्री हैं। खेलों में बहुमुखी प्रतिभा की धनी प्रीति ने पैरा तैराकी में पदक जीते हैं और मोटरस्पोर्ट्स में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए चार राष्ट्रीय ट्रॉफियां अपने नाम की हैं।

उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें कई प्रमुख सम्मान प्राप्त हुए हैं, जिनमें उत्तराखंड मुख्यमंत्री दक्ष दिव्यांग अवार्ड, तुली रौतेली पुरस्कार 2024 और FICCI FLO अवार्ड (सामाजिक कार्यों के लिए) शामिल हैं।

प्रीति की इस नई उपलब्धि से उनके परिवार और ग्राम पाखुड़ा में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई है। खेल प्रेमी और सामाजिक संगठन उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

