
स्थान : जसपुर उधम सिंह नगर
ब्यरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर जिले में गैस और पेट्रोल की किल्लत के बीच कालाबाजारी के मामले सामने आने लगे हैं। अफरा-तफरी के इस माहौल का फायदा उठाकर कुछ लोग अवैध तरीके से गैस की बिक्री और रिफिलिंग में जुटे हैं। हालांकि अब स्थानीय प्रशासन ने इस पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है।


प्रशासन ने साफ कर दिया है कि चाहे गैस एजेंसी कर्मचारी हों या कुकिंग गैस रिफिल करने वाले दुकानदार, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। राहुल शाह के नेतृत्व में तहसील प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।


इस अभियान के तहत तहसीलदार दिलीप सिंह नेगी, आपूर्ति निरीक्षक मुकुल गर्जोला और गैस नोडल अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई है। इन टीमों को शहर की गैस एजेंसियों पर निगरानी रखने और व्यवस्था को सुचारू बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।


प्रशासन ने इंडियन गैस और भारत गैस एजेंसियों के प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ता घर बैठे गैस बुकिंग के बाद अपने घर पर ही सिलेंडर प्राप्त करें।

जसपुर क्षेत्र में भारत गैस एजेंसी के गोदाम में पर्याप्त मात्रा में रिफिल सिलेंडर मौजूद होने के बावजूद वितरण व्यवस्था में लापरवाही सामने आई। इस पर प्रशासन ने होम डिलीवरी ठेकेदार को रोस्टर के अनुसार समय पर गैस वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही कुकिंग गैस की कालाबाजारी करने वालों, छोटे सिलेंडरों में गैस रिफिल करने वालों और मिठाई की दुकानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


