मौसम के बदलाव से बच्चों और बुजुर्गों में बढ़ी बीमारियाँ

मौसम के बदलाव से बच्चों और बुजुर्गों में बढ़ी बीमारियाँ

स्थान : देहरादून

ब्यरो रिपोर्ट

विकासनगर में मौसम में लगातार बदलाव का असर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर नजर आ रहा है। अस्पतालों में इन दिनों सर्दी-खांसी, जुकाम, वायरल फीवर और डायरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।


डॉक्टरों के अनुसार तापमान में उतार-चढ़ाव बच्चों और बुजुर्गों के इम्यून सिस्टम को कमजोर कर देता है। इससे ये जल्दी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं और सामान्य बीमारियाँ भी गंभीर रूप ले सकती हैं।


चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. मंजू राणा ने बताया कि इन दिनों वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। खासकर उन बच्चों में जोखिम ज्यादा है जिनकी इम्यूनिटी कमजोर है या जो प्रदूषण के संपर्क में रहते हैं।


सर्दी-खांसी के अलावा डायरिया के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। अस्पतालों की ओपीडी में छोटे बच्चों की भीड़ बढ़ गई है और चिकित्सकों का कहना है कि जल्द ही इन पर नियंत्रण आवश्यक है।


डॉक्टरों ने अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बच्चों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना, समय-समय पर हाथ धुलवाना और मौसम के अनुसार कपड़े पहनाना बेहद जरूरी है।


इसके अलावा बच्चों को पौष्टिक आहार देने और उनकी इम्यूनिटी मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे बच्चे मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रह सकेंगे और स्वास्थ्य समस्याओं में कमी आएगी।