
स्थान : खटीमा (उधम सिंह नगर)

रिपोर्टर – अशोक सरकार

खटीमा के ब्लॉक सभागार में ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना था।


मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अजय मौर्या ने मंच से जनता को संबोधित किया और पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम के दौरान एक विशाल बहुउद्देशीय शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल विकास विभाग और उद्यान विभाग सहित अन्य सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया।

शिविर में ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ के अंतर्गत बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान 22 लाभार्थियों के कानों का परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या के साथ कनिष्ठ प्रमुख गौरव नेगी, रनदीप खरिया, सतीश भट्ट, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, मनोज शाही और महेश सिंह राणा सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

प्रशासनिक स्तर पर एसडीएम खटीमा, खंड विकास अधिकारी (BDO) और कार्यालय के समस्त कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी मौजूद रहीं। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिलने से उन्हें काफी सुविधा मिली।

