उधम सिंह नगर के किसानों को राहत, ग्रीष्मकालीन धान बुवाई पर लगी पाबंदी हटी

उधम सिंह नगर के किसानों को राहत, ग्रीष्मकालीन धान बुवाई पर लगी पाबंदी हटी

स्थान :- जसपुर
ब्यरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर जनपद के किसानों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। कुमाऊं मंडल के तराई क्षेत्र में हाल ही में आई तेज आंधी और बेमौसमी बारिश से गेहूं की फसल बर्बाद होने के बाद अब किसानों को ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई की अनुमति मिल गई है।

दरअसल, पहले जिला प्रशासन द्वारा ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगा दी गई थी, जिससे किसानों में काफी नाराजगी थी। इस फैसले से पहले ही प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे किसान और अधिक संकट में आ गए थे।

इस आदेश को चुनौती देते हुए किसानों ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय, नैनीताल का दरवाजा खटखटाया। अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने किसानों के पक्ष में फैसला सुनाया।

उच्च न्यायालय ने जिला प्रशासन के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें धान की बुवाई पर रोक लगाई गई थी। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसानों को अपनी फसल का चयन करने का अधिकार है।

फैसले के बाद जसपुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर देखने को मिली। किसानों ने इस निर्णय को अपनी जीत बताया और न्यायालय के फैसले का स्वागत किया।

किसानों का कहना है कि पहले ही बेमौसम बारिश और आंधी से उनकी गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी थी, ऐसे में धान की बुवाई पर रोक ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी थीं।

उन्होंने जिला प्रशासन के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि यह निर्णय किसानों के हित में नहीं था। वहीं न्यायालय के हस्तक्षेप से अब उन्हें राहत मिली है।

फिलहाल, फैसले के बाद किसान अपने खेतों में ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई में जुट गए हैं और उन्हें उम्मीद है कि इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।