एसपी चमोली का थराली थाने का वार्षिक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

एसपी चमोली का थराली थाने का वार्षिक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

स्थान : चमोली

ब्यरो रिपोर्ट

चमोली में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार द्वारा थाना थराली का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपनिरीक्षक देवेन्द्र भारती के नेतृत्व में सलामी गार्द द्वारा उन्हें मान-प्रणाम दिया गया, जिसके बाद उन्होंने थाना परिसर का विस्तृत जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, आवासीय क्षेत्र और कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों की स्थिति और समग्र व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। एसपी ने थाने की कार्यप्रणाली, अनुशासन और सुविधाओं की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।


एसपी ने थाने में मौजूद असलहों, दंगा नियंत्रण उपकरणों और आपदा प्रबंधन संसाधनों की जांच की। पुलिस कर्मियों से शस्त्र संचालन का अभ्यास भी कराया गया और सभी उपकरणों की नियमित देखभाल व प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


मालखाने में लंबित मामलों और लावारिस वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही पुराने माल को ऑनलाइन ‘सुरक्षित मालखाना मॉड्यूल’ में अपलोड करने के लिए कहा गया, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और प्रबंधन बेहतर हो सके।


महिला हेल्प डेस्क और CCTNS कार्यालय का निरीक्षण करते हुए एसपी ने ऑनलाइन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। साथ ही ज्वैलर्स के सत्यापन और व्यापारिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए थानाध्यक्ष को विशेष निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के बाद आयोजित सम्मेलन में एसपी ने आगामी चारधाम यात्रा और नन्दा देवी राजजात यात्रा को लेकर पुलिस कर्मियों को सतर्क और तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन के साथ सौम्य व्यवहार और शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर देते हुए पुलिस की जिम्मेदारी को और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने की बात कही।