
आईपीएल की पहली चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल के 19वें सीजन से पहले नया मालिक मिल गया है। भारत में जन्मे अमेरिका के बिजनेसमैन काल सोमानी की लीडरशिप वाले ग्रुप ने राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी को 1.63 बिलियन डॉलर (लगभग 15,282 करोड़ रुपये) में खरीद लिया है।


इस डील के साथ ही राजस्थान रॉयल्स आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन गई है। यह पहली बार है जब कोई आईपीएल टीम 1 बिलियन डॉलर से अधिक कीमत पर बिकी है।

नए मालिक कौन हैं?
काल सोमानी टेक्नोलॉजी और इंवेस्टमेंट जगत के जाने-माने नाम हैं। उन्होंने एड-टेक, डेटा प्राइवेसी, AI गवर्नेंस और स्पोर्ट्स टेक जैसे क्षेत्रों में कई वैश्विक कंपनियां स्थापित की हैं। सोमानी पहले से ही राजस्थान रॉयल्स में अल्पसंख्यक हिस्सेदार थे। डील में उन्हें वॉलमार्ट परिवार के अमेरिकी कारोबारी रॉब वाल्टन और हैम्प परिवार का भी सहयोग प्राप्त है। यह डील आगामी आईपीएल 2026 सीजन के बाद लागू होगी।


आईपीएल की सबसे बड़ी डील
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, यह आईपीएल इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी डील है। पिछले साल गुजरात टाइटंस में टॉरेंट ग्रुप ने 67% बहुमत हिस्सेदारी लगभग 5,025 करोड़ रुपये में हासिल की थी।


राजस्थान रॉयल्स का मूल्य उछाल
राजस्थान रॉयल्स को 2008 में खरीदा गया था, उस समय कीमत केवल 67 मिलियन डॉलर (लगभग 260-270 करोड़ रुपये) थी। आज 2026 में यही फ्रेंचाइजी लगभग 1.63 बिलियन डॉलर (15,289 करोड़ रुपये) में बिकी है। यानी, 18 साल में फ्रेंचाइजी का मूल्य लगभग 24 गुना बढ़ गया।
पूर्व में राजस्थान रॉयल्स का संचालन भारतीय मूल के ब्रिटिश उद्योगपति मनोज बदाले और अन्य कारोबारी कर रहे थे। अब काल सोमानी के नेतृत्व में टीम नए दौर में कदम रखेगी, और यह बदलाव आईपीएल जगत में नए रिकॉर्ड और चर्चाओं का कारण बनेगा।


