हाईवे कट खोलने की मांग को लेकर किच्छा में कांग्रेस का प्रदर्श

हाईवे कट खोलने की मांग को लेकर किच्छा में कांग्रेस का प्रदर्श

रिपोर्ट – राजू सहगल।
लोकेशन – किच्छा

उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में बंद किए गए हाईवे कट को खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने किया। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी अंबेडकर चौक पर एकत्र हुए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौक पर धरना देते हुए नेशनल हाईवे प्रशासन के परियोजना निदेशक का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंबेडकर चौक पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हाईवे कट को बंद किया गया था, लेकिन इससे स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कट बंद करने के बाद करीब 200 मीटर दूर बनाए गए अस्थाई कट पर दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि अस्थाई कट के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है और वाहन चालकों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि शहर के मुख्य चौराहे को स्थाई रूप से बंद करना यातायात नियमों के खिलाफ है और एनएच प्रशासन दुर्घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है।

कांग्रेसियों ने मांग की कि अंबेडकर चौक को व्यवस्थित कर बड़ा चौराहा बनाया जाए, ट्रैफिक लाइट और अन्य व्यवस्थाएं लागू की जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द समाधान न होने पर अप्रैल के पहले सप्ताह में एनएच कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।