उत्तराखंड में मार्च के आखिर में अचानक बर्फ और बारिश ने मौसम बदल दिया

उत्तराखंड में मार्च के आखिर में अचानक बर्फ और बारिश ने मौसम बदल दिया

स्थान : चकराता
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में मार्च के अंतिम दिनों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मैदानी इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी ने ठंड को एक बार फिर महसूस कराया है।

विशेष रूप से देहरादून के चकराता क्षेत्र की ऊंची पहाड़ियां रुई के फाहों जैसी बर्फ से ढक गई हैं। इस दृश्य को स्थानीय लोग कई सालों बाद मार्च में देखकर बेहद रोमांचक बता रहे हैं।

बीते दो दिनों से लगातार बारिश के बाद शुक्रवार को चकराता के लोखंडी, देववन और मुंडाली जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। वहीं, निचले क्षेत्रों में बारिश जारी रही।

तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ गया है। लोग फिर से गर्म कपड़े और ऊनी जैकेट्स निकालने को मजबूर हो गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्च महीने में इस तरह की बर्फबारी खास मानी जा रही है और यह प्राकृतिक दृश्य कई सालों में पहली बार इस समय देखा गया है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश और बर्फबारी जलस्रोतों के लिए फायदेमंद साबित होगी। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में नदियों और जलाशयों का पानी भरने में मदद मिलेगी।

पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि यह सुहावना मौसम अब पर्यटकों को चकराता की ओर आकर्षित करेगा। खासकर बर्फबारी के कारण पर्यटन स्थलों की सुंदरता और बढ़ गई है।