
स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

माननीय रक्षा मंत्री भारत सरकार श्री राजनाथ सिंह जी के जनपद भ्रमण को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए आज दिनांक 19.03.2026 को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा समस्त पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ ऑनलाइन और भौतिक माध्यम से बैठक आयोजित की गई।


बैठक का मुख्य उद्देश्य शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना और मंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित रूप से संपन्न कराना था। बैठक में सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और आगामी ड्यूटी के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।

एसएसपी नैनीताल ने कहा कि यह ड्यूटी अत्यंत महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण है, विशेषकर ईद पर्व के दृष्टिगत अतिरिक्त सतर्कता बरती जानी आवश्यक है। उन्होंने सभी अधीनस्थों को सटीक दिशा-निर्देश दिए।


निर्देशों के अनुसार 19 से 22 मार्च की रात 11 बजे से 1 बजे तक सभी COs/SHOs/SOs क्षेत्र में गश्त, चेकिंग और ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान चलाएंगे। सभी गतिविधियों की सूचना कंट्रोल रूम को देना अनिवार्य होगा।
रात्रि में प्रभावी गश्त, पिकेट ड्यूटी और चीता मोबाइल ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही, नशेड़ी, हुड़दंगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सुबह 5 से 7 बजे तक “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक स्थलों जैसे मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अलविदा जुम्मा की नमाज सार्वजनिक सड़कों या किसी की प्रॉपर्टी पर अदा न हो, इसके लिए समन्वय और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी थाना एवं चौकी पुलिस बल अपने-अपने परिसर में तैनात रहें, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। वीवीआईपी भ्रमण के दौरान ज्वेलर्स शॉप, भीड़भाड़ वाले स्थान और अन्य सार्वजनिक स्थल पर सतर्क गश्त और चेकिंग सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम ट्रैफिक नैनीताल, श्री मनोज कुमार कत्याल हल्द्वानी, श्री आर.डी.मठपाल, एसपी दूरसंचार नैनीताल सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आपसी समन्वय, सतर्कता और मुस्तैदी से ड्यूटी का निर्वहन कर कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराया जाए।

