
स्थान : जसपुर
ब्यरो रिपोर्ट

देशभर में ईद का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके मद्देनजर बाजारों में खरीदारी जारी है और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। हर जगह अमन कमेटियों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं ताकि त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जा सके।


जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर में भी स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की। बैठक जसपुर कोतवाली परिसर में हुई जिसमें उपजिलाधिकारी राहुल शाह, नगर उद्योग प्रांतीय व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह अरोड़ा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नौशाद सम्राट, जसपुर कोतवाल राजेंद्र सिंह डांगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक समेत पुलिस प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई सामाजिक संगठन, सभासद, ग्राम प्रधान, मौलवी और उलेमा, तथा आम नागरिक भी शामिल हुए। उन्होंने अपनी भागीदारी निभाते हुए आगामी ईद पर्व की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की।


बैठक में कई मुद्दे उठाए गए, जैसे ईद के दिन नगर में ई-रिक्शा बंद करना, नारायणपुर गांव में पुलिस तैनाती सुनिश्चित करना और अन्य संभावित समस्याओं का समाधान। उपस्थित लोगों ने प्रशासन से इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की।
उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने सभी समस्याओं को अति शीघ्र दूर करने का आश्वासन दिया। उन्होंने लोगों से भाईचारे और सौहार्द के साथ ईद मनाने की अपील की।
राहुल शाह ने चेताया कि यदि कोई हुड़दंग करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्था सुनिश्चित करना था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सभी व्यवस्था ठीक रहेंगे और जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

