डोईवाला नगर पालिका में दो गुटों की राजनीति, बोर्ड बैठक स्थगित

डोईवाला नगर पालिका में दो गुटों की राजनीति, बोर्ड बैठक स्थगित

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

डोईवाला नगर पालिका में राजनीतिक उठा-पटक जारी है। 20 सदस्यीय नगर पालिका वर्तमान में दो गुटों में बंटी हुई है। पिछली दो बोर्ड बैठकों में हंगामा देखने को मिला था और 16 मार्च को आयोजित बैठक भी इसी राजनीतिक तनाव के कारण स्थगित हो गई।

इस बैठक में केवल पांच सभासद उपस्थित हुए, जबकि 11 सभासद किसी अन्य सभासद के घर अलग मीटिंग कर रहे थे और चार सभासद जरूरी कार्य बताकर बैठक में नहीं पहुंचे।

नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी भी बैठक में एक घंटे बाद पहुंचे। कोरम पूरा न होने के कारण नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एम. एल. शाह ने बोर्ड बैठक को आगामी तिथि तक स्थगित कर दिया।

सभासदों के एक गुट ने अध्यक्ष पर भेदभाव और अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ समय पहले बोर्ड बैठक के बाद कुछ प्रस्ताव उनकी सहमति के बिना उठाए गए थे, और इसी के कारण उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है। इसके अलावा, नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा 15 सभासदों को अलग रखा जा रहा है।

11 सभासदों का कहना है कि पहले प्रस्तावों पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए बोर्ड बैठक में शामिल न होने की बात पहले ही अध्यक्ष को बता दी थी।

इस स्थिति से डोईवाला नगर पालिका के विकास कार्यों पर भी प्रश्नचिह्न लग गया है। अगर बोर्ड बैठकें नहीं होंगी, तो क्षेत्रीय विकास कार्यों में भी बाधा आएगी। नगर पालिका अध्यक्ष के लिए सभी सभासदों को एक मंच पर लाना अब बड़ी चुनौती बन गई है।