
स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

रुड़की स्थित पिरान कलियर क्षेत्र में सिंचाई विभाग ने अवैध कब्जों और रास्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ पटरी के आसपास विभागीय जमीन पर बनाए गए अवैध रास्तों को जल्द ही बुलडोजर चलाकर बंद किया जाएगा।


जानकारी के अनुसार कांवड़ पटरी के पास भूमाफियाओं द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों तक पहुंच बनाने के लिए सिंचाई विभाग की जमीन पर रास्ते बना दिए गए हैं। विभाग ने ऐसे सभी रास्तों को चिन्हित कर उन्हें बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि विभागीय जमीन पर कब्जा करने या अवैध रास्ता बनाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


इस बीच नहर पटरी मार्ग पर बिना अनुमति पेड़ों की कटाई का मामला भी सामने आया है। विभाग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
विभाग की ओर से विकास प्राधिकरण को भी नोटिसनुमा संदेश भेजा गया है। इसमें निर्देश दिए गए हैं कि नहर किनारे बनी अवैध कॉलोनियों को बिजली-पानी के कनेक्शन न दिए जाएं और उनके नक्शे भी पास न किए जाएं।
अतिक्रमण को रोकने के लिए विभाग विशेष टास्क फोर्स तैनात करने की तैयारी कर रहा है। इसके माध्यम से नहर पटरी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी।

सिंचाई विभाग का कहना है कि यदि विभागीय भूमि पर कहीं भी अवैध रास्ता या अतिक्रमण पाया गया तो उसे तुरंत बंद कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा या निर्माण न करने की अपील की है।

