
स्थान : ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

ऋषिकेश में प्रशासन ने गैस एजेंसियों और होटलों में चेकिंग अभियान चलाते हुए अवैध गैस रिफिलिंग के मामले का खुलासा किया है। जांच के दौरान एक गैस डिस्ट्रीब्यूशन वाहन से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने का मामला सामने आया, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।


प्रशासन की टीम ने जब वाहन की जांच की तो उसमें 7 खाली और 30 भरे हुए गैस सिलेंडर पाए गए। अधिकारियों ने मौके पर ही सिलेंडरों को जब्त कर लिया और आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी।


चेकिंग अभियान के दौरान प्रशासन ने गैस एजेंसियों और होटलों में गैस सिलेंडरों के उपयोग और स्टॉक की भी जांच की। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों में तो नहीं किया जा रहा है।

एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी की शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और प्रशासन लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।
एसडीएम ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराएं और किसी भी तरह की कालाबाजारी से दूर रहें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति के पास अवैध गैस सिलेंडर पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है। गैस उपभोक्ता भी अब सतर्क हो गए हैं और अपने गैस सिलेंडरों की जांच करवाने लगे हैं, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि में उनका नाम न आए।

