हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सुल्तानपुर पट्टी में खत्म हुई सफाई कर्मियों की हड़ताल

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सुल्तानपुर पट्टी में खत्म हुई सफाई कर्मियों की हड़ताल

स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से फैली गंदगी का मामला आखिरकार हाईकोर्ट तक पहुंच गया। जनहित याचिका पर गुरुवार को हुई सुनवाई में हाईकोर्ट की खंडपीठ ने कर्मचारी संगठन और प्रशासन से बैठक कर पर्यावरण मित्रों की न्यायोचित मांगों का जल्द समाधान निकालने की अपेक्षा जताई।

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच कई दौर की वार्ता हुई। बातचीत के बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया, जिससे नगर में सफाई व्यवस्था बहाल होने का रास्ता साफ हो गया।

हड़ताल समाप्त होते ही नगर पंचायत की ओर से सफाई अभियान दोबारा शुरू कर दिया गया। सफाई कर्मचारी सड़कों, बाजारों और मोहल्लों में जमा कूड़े को हटाने में जुट गए हैं, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।

हड़ताल के दौरान नगर के कई वार्डों में कूड़े के ढेर लग गए थे। सड़कों और गलियों में गंदगी फैलने से लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा था और आसपास बदबू की समस्या बढ़ गई थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों तक सफाई न होने से हालात बेहद खराब हो गए थे। उन्हें गंदगी के कारण बीमारी फैलने का डर भी सता रहा था।

नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि अब सफाई व्यवस्था को तेजी से दुरुस्त किया जा रहा है। कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात कर पूरे नगर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पूरे नगर की सफाई पूरी कर व्यवस्था को पूरी तरह पटरी पर ला दिया जाएगा, ताकि नगरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।