रानीखेत में गैस सिलेंडर की अफवाह से एजेंसी पर उमड़ी भीड़

रानीखेत में गैस सिलेंडर की अफवाह से एजेंसी पर उमड़ी भीड़

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

रानीखेत में घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिलने की अफवाहों के चलते गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे हो गए कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तक तैनात करना पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर कतार में खड़े दिखाई दिए।

गैस एजेंसी के बाहर सुबह से लंबी-लंबी लाइनें लग गईं और देखते ही देखते भीड़ बढ़ती चली गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में लोगों को लाइन में लगाकर व्यवस्था संभाली गई।

गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं का कहना है कि प्रशासन भले ही गैस की किल्लत नहीं होने की बात कर रहा हो, लेकिन पिछले तीन दिनों से उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। कई लोगों का आरोप है कि वे लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक गैस सिलेंडर नहीं मिला।

कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि सिलेंडर की अनिश्चितता के कारण लोग घबराकर एजेंसी पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ और बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर और व्यवस्थित तरीके से गैस वितरण हो तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होगी।

वहीं गैस एजेंसी के प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह जलाल ने कहा कि उपभोक्ता घबराएं नहीं, एजेंसी में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस दी जा रही है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि भीड़ लगाने के बजाय काउंटर पर जाकर अपनी बुकिंग कराएं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर लेने के लिए उसी उपभोक्ता का उपस्थित होना अनिवार्य है, जिसके नाम पर कनेक्शन है।

फिलहाल गैस एजेंसी में पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो और सभी उपभोक्ताओं को व्यवस्थित तरीके से गैस सिलेंडर मिल सके।