
स्थान : सितारगंज
ब्यरो रिपोर्ट

सितारगंज पुलिस को लूट की दो अलग-अलग घटनाओं में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें मोटरसाइकिल लूट के मामले में फरार चल रहे तीन अभियुक्त भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले गुरमीत सिंह और उसके एक साथी ने सितारगंज के ओदली स्थित पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति से चाकू की नोंक पर मोटरसाइकिल लूट ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।


इसी दौरान जब पुलिस गुरमीत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर पहुंची तो वहां मौजूद गुरमीत, उसके भाई मक्खन सिंह, पिता मोहन सिंह और एक अन्य बदमाश ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसके बाद मोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश जारी रखी और आखिरकार बृहस्पतिवार को ग्राम नलई के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक तमंचा और अन्य सामान भी बरामद किया।
वहीं दूसरी घटना नगर के मीना बाजार क्षेत्र की है, जहां पालिका कर्मचारी हर्षिता पांडे से झपट्टा मारकर कुछ बदमाशों ने उनका सामान लूट लिया था। पुलिस ने इस मामले में भी तेजी से कार्रवाई करते हुए कुलदीप सिंह और बरयाम सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से लूटा गया सामान, नगद रुपये और जरूरी कागजात बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

इस पूरे मामले में एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों मुख्य अभियुक्तों के खिलाफ पहले से ही डकैती, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है।

