महंगाई और गैस किल्लत के खिलाफ महिला कांग्रेस का सड़क प्रदर्शन

महंगाई और गैस किल्लत के खिलाफ महिला कांग्रेस का सड़क प्रदर्शन

स्थान : डोईवाला
ब्यरो रिपोर्ट

डोईवाला के प्रेम नगर बाजार में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंशुल त्यागी के नेतृत्व में तमाम महिलाएं सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को उजागर किया।

प्रदर्शन के दौरान महिलाएं गैस सिलेंडर हाथों में लेकर डोईवाला प्रेम नगर-दुधली तिराहे पर सड़क पर बैठ गईं। कुछ कार्यकर्ताओं ने तख्तियां हाथ में लेकर सड़क पर चूल्हे में खाना बनाने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया, ताकि आम जनता की परेशानियों को सामने रखा जा सके।

कांग्रेस नेत्री अंशुल त्यागी ने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। उनका कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की समस्या से आम जनता गंभीर रूप से परेशान है।

उन्होंने कहा कि आम लोगों को गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहा है और बढ़ती कीमतों ने घरेलू खर्चों को भारी कर दिया है। इससे आम महिलाओं और परिवारों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

अंशुल त्यागी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी नहीं की और गैस की किल्लत का समाधान नहीं निकाला, तो कांग्रेस मजबूर होकर उग्र आंदोलन शुरू करेगी।

उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन केवल एक चेतावनी है और सरकार को आम जनता की समस्याओं पर तुरंत ध्यान देना चाहिए। महिलाओं ने कहा कि उनका यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं।

प्रदर्शन में शामिल अन्य महिला कार्यकर्ताओं ने भी महंगाई और गैस की किल्लत के खिलाफ नारे लगाए और सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की। प्रशासन ने इस प्रदर्शन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी।