
स्थान : खटीमा
ब्यरो रिपोर्ट

क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि खटीमा में गैस की कोई किल्लत नहीं है। अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है।


शुक्रवार को खटीमा के एसडीएम, तहसीलदार और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गैस सिलेंडर के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को दी जा रही आपूर्ति का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान एजेंसियों में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई। अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों से वितरण प्रक्रिया और उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचाने की व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी भी ली।


एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र में गैस सिलेंडर की पर्याप्त आपूर्ति है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि उपभोक्ताओं को उनके क्षेत्रों में जाने वाली डिलीवरी गाड़ियों के माध्यम से समय पर गैस सिलेंडर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से लगातार व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी को भी परेशानी न हो।
एसडीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।

साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति गैस की कमी को लेकर अफवाह फैलाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि लोगों को केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए।

