महिला दुग्ध उत्पादकों को सौगात: 15 अप्रैल से दूध के दाम में 2 रुपये की बढ़ोतरी

महिला दुग्ध उत्पादकों को सौगात: 15 अप्रैल से दूध के दाम में 2 रुपये की बढ़ोतरी

स्थान – लालकुआं
ब्यरो रिपोर्ट

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के वर्तमान बोर्ड के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने महिला दुग्ध उत्पादकों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की।

कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें जनपद की 1000 से अधिक महिला दुग्ध उत्पादकों ने भाग लिया। संगोष्ठी में दुग्ध उत्पादकों के विकास और उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने घोषणा करते हुए बताया कि आगामी 15 अप्रैल से दुग्ध उत्पादकों को दूध के मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बोर्ड बैठक में लिया गया है।

उन्होंने कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी दुग्ध उत्पादकों का सर्वांगीण विकास करना है। इसी सोच के तहत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह विशेष सौगात देने का निर्णय लिया गया है।

मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ हमेशा दुग्ध उत्पादकों के साथ खड़ा रहता है और उनके सुख-दुख में सहभागी बनकर काम करता है।

उन्होंने बताया कि दुग्ध संघ लगातार उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है और जल्द ही 1 लाख 50 हजार लीटर दूध उत्पादन के लक्ष्य को हासिल करने की तैयारी में है।

संगोष्ठी में महिला दुग्ध उत्पादकों ने इस निर्णय का स्वागत किया और इसे उनकी मेहनत का सम्मान बताया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि दुग्ध उत्पादन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और महिलाओं की भागीदारी से यह क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है।