
स्थान – भराड़ीसैंण
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर प्रदेश की राजनीति में बहस तेज हो गई है। जहां विपक्ष इस बजट को विकास से दूर बता रहा है, वहीं सत्ता पक्ष इसे राज्य के समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम मान रहा है।


भाजपा के विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने धामी सरकार के बजट का समर्थन करते हुए इसे विकासोन्मुख बताया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पेश किया गया 1 लाख 11 हजार 703 करोड़ रुपये का बजट राज्य के भविष्य को मजबूत बनाने वाला है।


विधायक बिष्ट के अनुसार यह बजट महिला सशक्तिकरण, किसानों की उन्नति, बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर और छात्रों के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को शामिल किया है।


उन्होंने यह भी कहा कि बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। इससे राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की रफ्तार पहुंचेगी।
दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और यह बजट उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने आगे कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सत्तापक्ष का मानना है कि यह बजट राज्य के दीर्घकालिक विकास के लिए मार्ग प्रशस्त करेगा, जबकि विपक्ष लगातार इसे लेकर सवाल उठा रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है

