सुल्तानपुर पट्टी में सफाई व्यवस्था ठप, चेयरमैन प्रत्याशी ने जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन

सुल्तानपुर पट्टी में सफाई व्यवस्था ठप, चेयरमैन प्रत्याशी ने जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन

स्थान – बाजपुर
रिपोर्टर – विशेष शर्मा

रमजान के पवित्र महीने में नगर की सफाई व्यवस्था ठप होने से नाराज चेयरमैन प्रत्याशी साजिद हुसैन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में साजिद हुसैन ने बताया कि नगर पंचायत सुल्तानपुर में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और गंदगी फैल रही है। 7 मार्च 2026 से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण नगर में सफाई कार्य पूरी तरह बंद है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

साजिद हुसैन ने कहा कि रमजान का महीना चल रहा है और 21 मार्च को ईद का त्योहार भी नजदीक है। ऐसे में नगर में सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना बेहद आवश्यक है। लेकिन जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मामले का तुरंत संज्ञान लिया जाए और नगर पंचायत को निर्देश दिए जाएं ताकि सफाई व्यवस्था सुचारू हो सके। इससे त्योहार के दौरान नागरिकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

ज्ञापन में कहा गया कि नगर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सार्वजनिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साजिद हुसैन ने प्रशासन से मांग की कि स्थायी समाधान निकालकर हड़ताल प्रभावित क्षेत्रों में सफाई कार्य को फिर से शुरू किया जाए।

साजिद हुसैन ने नगरवासियों को आश्वस्त किया कि वे प्रशासन के माध्यम से जल्द ही नगर में सफाई व्यवस्था बहाल कराने के लिए पूरी कोशिश करेंगे।

इस मामले में स्थानीय लोगों ने भी समर्थन जताते हुए कहा कि नगर में स्वच्छता बनाए रखना न केवल स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि त्योहार के माहौल को भी सुगम बनाता है।