
स्थान – ऋषिकेश
ब्यरो रिपोर्ट

परमार्थ निकेतन में 9 से 15 मार्च तक आयोजित होने वाले 38वें अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में इस वर्ष दुनिया भर से बड़ी संख्या में योग साधक और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। महोत्सव में करीब 80 देशों से आए 1200 से अधिक योग जिज्ञासु और योगाचार्य प्रतिभाग करेंगे।


आयोजन में 30 से अधिक देशों के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उच्चायुक्त और राजदूत भी शामिल होंगे। इससे महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिलने की उम्मीद है।


परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद मुनि महाराज ने बताया कि योग महोत्सव का शुभारंभ 9 मार्च को संध्याकालीन गंगा आरती के दौरान किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु और योग साधक विशेष आरती में शामिल होंगे।


महोत्सव के दौरान डेढ़ सौ से अधिक योग कक्षाएं, कार्यशालाएं, प्रवचन और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रतिभागियों को योग, ध्यान और आध्यात्म से जुड़े विभिन्न विषयों पर सीखने का अवसर मिलेगा।

आयोजन में कई प्रसिद्ध कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। संध्याकालीन कार्यक्रमों में कैलाश खेर, ड्रम्स शिवमणि, रूणा रिजवी और राधिका दास एंड फ्रेंड्स अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव में 13 मार्च को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल होंगे, जबकि 14 मार्च को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह कार्यक्रम में पहुंचेंगे।

आयोजकों के अनुसार यह महोत्सव योग, आध्यात्म और भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां दुनिया भर के लोग एक साथ योग की शक्ति का अनुभव करते हैं।

