
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए।


भारत की ओर से सलामी बल्लेबाजों ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 21 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली। पावरप्ले में ही भारतीय टीम ने बिना विकेट खोए 92 रन बना लिए थे, जिससे न्यूजीलैंड के गेंदबाज दबाव में आ गए।


इसके बाद संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 89 रन की दमदार पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। वहीं ईशान किशन ने भी 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए 54 रन बनाए।

मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव खाता भी नहीं खोल सके और हार्दिक पांड्या ने 18 रन बनाए। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेलकर टीम का स्कोर 255 रन तक पहुंचा दिया।

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल एलन 9 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि रचिन रविंद्र एक रन ही बना सके। ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।
न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट ने जरूर 26 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके। पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके। इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया और कुल तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।


