
स्थान – रायवाला
ब्यरो रिपोर्ट

हरिद्वार–देहरादून मार्ग पर रायवाला के पास मोतीचूर फ्लाईओवर पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में चार वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद उनमें भीषण आग लग गई। दुर्घटना में एक महिला सहित दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि कई लोगों के घायल होने और कुछ के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर ट्रॉली, रोडवेज बस, एक ट्रक और एक कार आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।


हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। रोडवेज की बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि ट्रैक्टर ट्रॉली, ट्रक और कार भी आग की चपेट में आ गए। कई लोग वाहनों में फंसे होने की भी आशंका जताई गई।


सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस और प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
हादसे के कारण फ्लाईओवर के दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने और यातायात को सुचारू करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में एक महिला भी शामिल है, जो ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार थी। बताया जा रहा है कि वह किसी धार्मिक कार्यक्रम से वापस लौट रही थी और बिजनौर की रहने वाली थी।

प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

