
स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में शुरू हो रहा है। यह सत्र 9 मार्च से 13 मार्च तक चलेगा, जिसमें राज्य सरकार वित्त वर्ष 2026–27 का बजट पेश करेगी।


विधानसभा की कार्यसूची के अनुसार सत्र की शुरुआत वंदे मातरम के साथ होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसमें सरकार की नीतियों और आगामी योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया जाएगा।


दोपहर करीब 2 बजे विधानसभा अध्यक्ष राज्यपाल के अभिभाषण का पाठ सदन में करेंगी। इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाई जाएगी।


सत्र के दौरान दोपहर 3 बजे वित्त वर्ष 2026–27 का बजट सदन में पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस बार राज्य का बजट लगभग 1.11 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है।
सरकार का दावा है कि यह बजट राज्य के दीर्घकालीन विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके जरिए उत्तराखंड के अगले 25 वर्षों के विकास की आधारशिला रखने की कोशिश की जाएगी।
बजट सत्र के दौरान सरकार विभिन्न विभागों के लिए योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा भी पेश करेगी। साथ ही विपक्ष भी राज्य से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने की तैयारी में है।

गैरसैंण में आयोजित होने वाले इस बजट सत्र को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने भी व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि सत्र शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

