
स्थान – देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार–देहरादून मार्ग पर मोतीचूर के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली चल रही थी, जिसके कारण अचानक वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस, दो कार और एक ट्राला आपस में भिड़ गए।


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहनों को गंभीर नुकसान पहुंचा और उनमें सवार लोग घबरा गए। हादसे में कई यात्री घायल हो गए, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने बाहर निकालने में मदद की।


घटना की सूचना मिलते ही हरिद्वार और देहरादून पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।
हादसे के कारण कुछ समय तक हरिद्वार–देहरादून मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन खड़े होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। इसके बाद मार्ग पर धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

