नैनीताल में पर्यटक युवती से छेड़छाड़, टैक्सी चालक फरार

नैनीताल में पर्यटक युवती से छेड़छाड़, टैक्सी चालक फरार

ब्यरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी नैनीताल में घूमने आई एक युवती के साथ टैक्सी चालक द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद से आरोपी चालक फरार बताया जा रहा है। पीड़ित युवती ने दोपहर में तल्लीताल थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती दिल्ली से घूमने के लिए नैनीताल आई थी। वह पहले हल्द्वानी पहुंची, जहां से उसने नैनीताल जाने के लिए एक कैब बुक की थी।

बताया जा रहा है कि रास्ते में टैक्सी चालक युवती को मुख्य मार्ग से हटाकर सुनसान इलाके में ले गया। आरोप है कि चालक उसे पटवाडांगर नामक गाँव के पास सुनसान स्थान पर ले गया और वहां उसके साथ छेड़छाड़ की।

घटना के बाद किसी तरह युवती ने खुद को सुरक्षित किया और नैनीताल पहुंचकर पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पीड़ित युवती का मेडिकल परीक्षण बी.ड़ी.पाण्डे अस्पताल में कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के सामने आने के बाद नैनीताल के पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं पर्यटन की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।

पर्यटन व्यवसायियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।