
स्थान – हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी के बनभूलपुरा पुलिस स्टेशन में मंगलवार देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब हवालात में बंद एक व्यक्ति ने ड्यूटी पर तैनात एसआई पर मारपीट और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगा दिए।


जानकारी के अनुसार 54 वर्षीय प्रमोद मल निवासी फूलबाग, पंतनगर (ऊधमसिंहनगर) को बाजार क्षेत्र से नशे की हालत में गिरफ्तार कर थाने की हवालात में रखा गया था। पुलिस के मुताबिक प्रमोद मल के खिलाफ पहले से ही मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।

मंगलवार रात करीब 11 बजे रात्रि अधिकारी एसआई जगवीर सिंह शांति व्यवस्था की ड्यूटी पूरी कर थाने लौटे। इसी दौरान आरोपित की पत्नी बिंदु मल, पुत्र शुभम और पुत्री शुभांगिनी थाने पहुंचे और उनसे मिलने की अनुमति मांगी।

स्वजनों से मुलाकात के दौरान प्रमोद मल ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। उसने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के समय एसआई ने उसे थप्पड़ मारे और जूते से पीटकर हवालात में बंद कर दिया। इसके बाद थाने में कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि ताज चौराहा और थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें आरोपित को नशे की हालत में हवालात लाते हुए देखा जा सकता है।
थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल ने बताया कि आरोपित ने एसआई को धमकाया, हमला करने का प्रयास किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। साथ ही पुलिसकर्मियों के सामने गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया गया।

इस मामले में पुलिस ने प्रमोद मल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, वैध गिरफ्तारी का विरोध करने, शांतिभंग करने और हमले के प्रयास जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार स्वजन आरोपित की जमानत कराने के लिए थाने पहुंचे थे, लेकिन आवश्यक दस्तावेज न होने के कारण जमानत नहीं दी जा सकी। पूरे घटनाक्रम की सूचना देर रात उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।

