दुर्घटना में मृत युवक के वाहन से चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्घटना में मृत युवक के वाहन से चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

स्थान : हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोर्ट

नैनीताल पुलिस ने सड़क दुर्घटना में मृत युवक के वाहन से मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार बरेली रोड हल्द्वानी निवासी गोपाल सिंह बिष्ट ने 3 मार्च को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 फरवरी को उनके मृतक पुत्र के वाहन से अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR संख्या 73/26 धारा 305(B) BNS के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की और मुखबिर की सूचना के आधार पर 5 मार्च को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद उवेश उर्फ मुन्ना (26) निवासी गौजाजाली और मोहम्मद सैफ अली (29) निवासी इन्द्रानगर, थाना बनभूलपुरा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन और एक सोने की अंगूठी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 315 और 3(5) BNS की बढ़ोतरी की गई है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह राणा, कांस्टेबल अनिल जौहरी और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।