
स्थान : रुड़की

ब्यूरो रिपोर्ट

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित हरिद्वार दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन हरिद्वार पहुंचे और बैरागी कैंप में आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान एडीजी ने कार्यक्रम स्थल के विभिन्न सुरक्षा बिंदुओं का जायजा लिया और वहां तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कार्यक्रम में तैनात पुलिसकर्मियों की डी-ब्रीफिंग करते हुए ड्यूटी से संबंधित फीडबैक भी लिया। साथ ही जमीनी स्तर पर की गई तैयारियों का आकलन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीजी ने कहा कि गृह मंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए।


उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर तैनात सुरक्षा बलों को पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने को कहा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। एडीजी ने संबंधित अधिकारियों को इस योजना को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

इस अवसर पर गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार, पुलिस मुख्यालय के अधिकारी तथा विभिन्न जनपदों से आए वरिष्ठ पुलिस और पीएसी अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि गृह मंत्री के दौरे को लेकर सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

