कीर्तिनगर में होली पर मारपीट के बाद व्यापारियों का प्रदर्शन, बाजार बंद कर किया घेराव

कीर्तिनगर में होली पर मारपीट के बाद व्यापारियों का प्रदर्शन, बाजार बंद कर किया घेराव

स्थान : टिहरी गढ़वाल

ब्यूरो रिपोर्ट

टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में होली के दिन हुई मारपीट की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर उपजिलाधिकारी कार्यालय और कोतवाली कीर्तिनगर का घेराव किया तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के पास कुछ युवकों और व्यापारियों के बीच विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि कीर्तिनगर-नैथाना क्षेत्र के कुछ युवकों ने बाजार में मौजूद व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोट लग गई, जबकि दो अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार को कीर्तिनगर के व्यापारियों ने विरोध स्वरूप बाजार बंद रखा और बड़ी संख्या में उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और मुख्य बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों को नियमित रूप से संचालित किया जाए।

इसके साथ ही व्यापारियों ने ओवरस्पीड वाहनों पर नियंत्रण लगाने और बाजार क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने की भी मांग की।

उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने व्यापारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।

इसके बाद व्यापारी कोतवाली कीर्तिनगर पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। व्यापारियों का कहना था कि होली के दिन बाजार क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं था, जिसके कारण अराजकता का माहौल बन गया और मारपीट की घटना हुई।

व्यापारियों ने पुलिस से मांग की कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।