होली पर हल्द्वानी में छलके जाम, चार दिन में 7 करोड़ की शराब बिक्री

होली पर हल्द्वानी में छलके जाम, चार दिन में 7 करोड़ की शराब बिक्री

स्थान – हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

हल्द्वानी में होली के त्योहार पर इस बार शराब की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया। एक से चार मार्च के बीच शहर में करीब 7 करोड़ रुपये की शराब बिक गई। आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार इन चार दिनों में कुल 91,050 बोतलें शराब की बिक्री हुई।

सबसे ज्यादा बिक्री 3 मार्च को होली से एक दिन पहले हुई। उस दिन 47,570 बोतलें बिकीं, जिनकी कीमत करीब 4 करोड़ 21 लाख 57 हजार रुपये रही।

आबकारी विभाग के अनुसार होली के दिन भी शाम पांच बजे के बाद शराब की दुकानें खुलीं, जहां 6,180 बोतलें बिकीं और करीब 34 लाख 67 हजार 450 रुपये का कारोबार हुआ।

चार दिन की बिक्री का आंकड़ा

  • 1 मार्च – 17,600 बोतलें, कीमत 1,03,09,750 रुपये
  • 2 मार्च – 19,700 बोतलें, कीमत 1,37,29,050 रुपये
  • 3 मार्च – 47,570 बोतलें, कीमत 4,21,57,040 रुपये
  • 4 मार्च – 6,180 बोतलें, कीमत 34,67,450 रुपये
  • कुल – 91,050 बोतलें, कीमत लगभग 6,96,63,290 रुपये

अवैध शराब पर भी कार्रवाई

होली के दौरान हल्द्वानी और Lalkuan क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री भी सामने आई। आबकारी विभाग ने अभियान चलाकर 121 देशी शराब की बोतलें, 87 अंग्रेजी शराब की बोतलें और 520 लीटर कच्ची शराब बरामद की।

इस मामले में 16 तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद शराब की कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में 14 अंग्रेजी और 12 देशी शराब की दुकानें संचालित हैं। होली के चलते इन दुकानों पर बिक्री में भारी उछाल देखने को मिला।