
स्थान : भीमताल

ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक में स्थित धानाचुली–ओखलकांडा–करायल मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए राज्य सरकार ने 1 करोड़ 56 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। लंबे समय से खराब पड़ी इस सड़क के कारण ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।


ग्रामीणों का कहना था कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो गया था। खासकर बरसात के मौसम में सड़क पर चलना और भी अधिक खतरनाक हो जाता था।

क्षेत्र के लोगों ने इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की थी। इसके बाद ग्रामीणों ने भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा से सड़क के डामरीकरण की मांग की।
जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को सड़क के डामरीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई। विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सड़क के डामरीकरण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने की मांग भी की।

विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री ने धानाचुली–ओखलकांडा–करायल मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी। शासन से आदेश जारी होने के बाद अब इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क पर डामरीकरण का कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में कई क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण और सुधार कार्य कराया जा रहा है।
विधायक कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इधर सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्र की जनता में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने विधायक राम सिंह कैड़ा और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
इस दौरान विधायक राम सिंह कैड़ा ने सुवाकोट, पोखरी, सलकवार, अमजड़, सुंदरखाल और गहना सहित कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश भी दिए।

