
स्थान : विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन के खिलाफ आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मीडिया और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद खनन विभाग हरकत में आया और ढकरानी तथा ढालीपुर क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी कर कई वाहनों को सीज कर दिया।


पिछले कुछ दिनों से यमुना नदी में अवैध खनन के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे थे। इन वीडियो में नदी के भीतर भारी मशीनों से खनन करते हुए और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में अवैध रूप से खनन सामग्री ले जाते हुए देखा जा रहा था।

स्थानीय लोगों का आरोप था कि खनन माफिया प्रतिबंधित मशीनों का इस्तेमाल कर नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इतना ही नहीं, कई जगहों पर खनन पट्टा किसी और स्थान का होने के बावजूद खनन दूसरी जगह किया जा रहा था।
मामले के तूल पकड़ने के बाद जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्या शाह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गुरुवार को अचानक छापेमारी की। इस दौरान ढकरानी क्षेत्र से तीन और ढालीपुर क्षेत्र से पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध खनन सामग्री ले जाते हुए पकड़ी गईं।

खनन विभाग की टीम ने मौके पर ही कुल आठ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया। वाहनों के खिलाफ खनन नियमों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी के दौरान यमुना नदी किनारे संचालित तीन खनन पट्टों की भी जांच की गई। जांच में इन पट्टों में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। नियमों और निर्धारित मानकों का पालन न करने के कारण तीनों खनन पट्टों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, विकासनगर क्षेत्र में लंबे समय से खनन गतिविधियां नियमों को ताक पर रखकर संचालित की जा रही थीं। स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद थे।
मीडिया में मामला प्रमुखता से सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद खनन विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्या शाह ने बताया कि ढकरानी और आसपास के क्षेत्रों में स्थित स्टोन क्रशर प्लांटों में भी अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही हैं। इन शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए उनकी भी जांच की जाएगी।
उधर जिलाधिकारी देहरादून ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी है। यह टीम जल्द ही स्टोन क्रशर प्लांटों और खनन गतिविधियों की विस्तृत जांच करेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अवैध खनन के खिलाफ और भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

