
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

क्षेत्र में होली का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पूरे उल्लास के साथ रंगोत्सव मनाया।


सुबह से ही गांव और शहर के विभिन्न स्थानों पर होली गीतों की मधुर स्वर लहरियां गूंजती रहीं, जिससे माहौल पूरी तरह रंगमय हो गया।



इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय और आनंदमय बना दिया। होली गीतों के माध्यम से आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर रंग-गुलाल लगाया और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं।



भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज पाठक के आवास पर भी होली का विशेष आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि यह त्योहार समाज में व्याप्त भेदभाव और कटुता को मिटाकर एकता और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

वहीं पीली कोठी में प्रधानाचार्य अजय जोशी के आवास पर भी होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पहुंचे लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और पारंपरिक होली गीतों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान पूरे वातावरण में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।


