
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

लक्सर-खानपुर हाईवे पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खानपुर थाना क्षेत्र के ब्राह्मण वाला पुलिया के पास सीएनजी प्लांट के दो वाहन आपस में टकरा गए। दोनों वाहनों में सीएनजी गैस भरी हुई थी, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए। सीएनजी गैस से भरे वाहनों के कारण किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।



सूचना मिलते ही हरिद्वार नेचुरल गैस प्लांट की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहनों की जांच की और गैस रिसाव जैसी किसी संभावित खतरे की स्थिति का आकलन किया।

पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घटना स्थल से दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक यातायात को रोक दिया। साथ ही किसी भी व्यक्ति की आवाजाही पर भी अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और रेस्क्यू टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।


प्रशासन का कहना है कि पूरी तरह स्थिति सामान्य होने के बाद ही यातायात को बहाल किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

