धारकोट में मजदूर की हत्या का खुलासा, पैसों के विवाद में साथी ने की थी वारदात

धारकोट में मजदूर की हत्या का खुलासा, पैसों के विवाद में साथी ने की थी वारदात

ब्यूरो रिपोर्ट
लोकेशन – डोईवाला
(रानीपोखरी)

डोईवाला के पर्वतीय क्षेत्र धारकोट स्थित नीम करोली मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की हत्या उसके साथ काम करने वाले मजदूर ने पैसों के विवाद में की थी।

मामले का खुलासा डोईवाला के रानीपोखरी थाने में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश नीरज सेमवाल ने घटना की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बरामद शव की पहचान बबलू कुमार के रूप में हुई थी। मृतक के भाई प्रमोद कुमार निवासी थाना मोतीपुर, जनपद बहराइच (उत्तर प्रदेश) ने शव की शिनाख्त की।

शव की पहचान के बाद 27 फरवरी को पंचायतनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के भाई प्रमोद कुमार ने लिखित तहरीर देकर बबलू की हत्या का आरोप उसके साथ मजदूरी करने वाले पप्पू साहनी निवासी बेगूसराय (बिहार) पर लगाया।

तहरीर के आधार पर थाना रानीपोखरी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सर्विलेंस और अन्य तकनीकी माध्यमों से साक्ष्य जुटाए।

मुखबिर की सूचना पर फरार अभियुक्त पप्पू साहनी को भुईया मंदिर थानो रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

अभियुक्त ने बताया कि वह और बबलू धारकोट क्षेत्र में साथ मिलकर मजदूरी करते थे। बबलू मिस्त्री का कार्य करता था। कुछ दिन पूर्व दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था।

विवाद के दौरान गुस्से में आकर अभियुक्त ने बबलू के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद अगले दिन सुबह उसने शव पर कंबल डालकर कमरे को बाहर से बंद कर दिया और फरार हो गया।

पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।