
ब्यूरो रिपोर्ट
स्थान : लोहाघाट (चंपावत)

जनपद चंपावत के लोहाघाट महाविद्यालय को जाने वाली सड़क की मरम्मत का कार्य आखिरकार शुरू कर पूरा कर दिया गया है। पिछले डेढ़ वर्ष से आपदा के कारण क्षतिग्रस्त इस मार्ग से गुजरने वाले छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ था।


बताया गया कि लोहाघाट स्थित महाविद्यालय को जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी। बरसात के बाद सड़क का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया था।

लोक निर्माण विभाग से कई बार सड़क सुधार की मांग उठाई गई, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ने लगी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने सड़क मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्र संगठन ने लोक निर्माण विभाग लोहाघाट के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।


प्रदर्शन के बाद अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने मामले का संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके बाद महाविद्यालय मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया।

विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त कर आवागमन को सुगम बनाया गया है। सड़क की मरम्मत होने से छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने बताया कि जल्द ही इस मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से में डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा। साथ ही दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पैराफिट निर्माण की भी योजना तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि बजट की उपलब्धता होने पर मार्च माह से सुरक्षा दीवार निर्माण का कार्य भी प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे भविष्य में सड़क सुरक्षित बनी रहे।

सड़क सुधारीकरण के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और महाविद्यालय के अध्यापकों ने अधिशासी अभियंता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा समय रहते संज्ञान लेकर मरम्मत कार्य कराया गया, जिसके लिए वे लोक निर्माण विभाग के प्रति धन्यवाद प्रकट करते हैं।

छात्र संगठन ने साथ ही मांग की कि जल्द डामरीकरण और सुरक्षा दीवार निर्माण का कार्य भी पूरा कराया जाए, ताकि महाविद्यालय मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बन सके।


