दिनेशपुर में बेमौसमी धान पर कार्रवाई को लेकर हंगामा, एसडीएम ने दिया 10 दिन का समय

दिनेशपुर में बेमौसमी धान पर कार्रवाई को लेकर हंगामा, एसडीएम ने दिया 10 दिन का समय

स्थान : दिनेशपुर

ब्यूरो रिपोर्ट

दिनेशपुर क्षेत्र में बेमौसमी धान की फसल को नष्ट करने पहुंचीं एसडीएम रिचा सिंह को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। प्रशासनिक टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया। बाद में एसडीएम ने किसानों को 10 तारीख तक का समय दे दिया।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन शासन के आदेशों के तहत बेमौसमी धान की फसल नष्ट करने की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचा था। खेतों में लगभग तैयार खड़ी धान की पौध को लेकर किसानों में नाराज़गी देखने को मिली।

किसानों का आरोप है कि उन्होंने भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा के कहने पर अपनी निजी जमीन पर धान की पौध तैयार की थी। उनका कहना है कि जब फसल लगभग तैयार हो चुकी है, तब अचानक उसे नष्ट करने की कार्रवाई उचित नहीं है।

वहीं एसडीएम रिचा सिंह ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई शासन के निर्देशों के अनुसार की जा रही है। उन्होंने बताया कि केवल उन्हीं खेतों में धान की बुवाई की अनुमति दी जाएगी, जहां भूमि में पर्याप्त नमी उपलब्ध हो। इसके लिए कृषि विभाग और तहसील प्रशासन द्वारा सर्वे किया जाएगा। सर्वे के बाद ही किसानों को अनुमति प्रदान की जाएगी।

किसानों के विरोध को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल 10 तारीख तक का समय दिया है। अब सर्वे के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।